साहिबाबाद। रमतेसतु एलिवेटेड रोड पर साहिबाबाद थाना क्षेत्र में वाहन खड़ा कर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में चार युवक सड़क पर गाड़ी खड़ी किए नजर आ रहे हैं। एक युवक सड़क पर केक काट रहा है, जबकि उसके पास खड़ा दूसरा युवक हाथ में शराब का गिलास लिए दिखाई दे रहा है। दो अन्य युवक पूरे सेलिब्रेशन का वीडियो मोबाइल फोन से बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पीछे ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गाना भी बजाया जा रहा है। अमर उजाला वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वीडियो के अनुसार, ये वायरल वीडियो 11 सितंबर का है। एलिवेटेड रोड पर वाहन खड़ा कर किसी भी तरह का सेलिब्रेशन करने पर रोक है। बावजूद युवकों ने सड़क पर वाहन खड़ा कर जन्मदिन मनाया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना का कहना है कि मामला संज्ञान में है। गाड़ी का नंबर और आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।