गाजियाबाद। नोएडा से लौट रहे बाइक सवार को महामाया स्टेडियम के सामने देर रात अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक सड़क पर इतनी तेज फिसली की उस पर सवार लोकेश निवासी पृथला नोएडा की मौत हो गई। जबकि बाइक की चपेट में आकर पैदल जा रहे राहगीर संजीव कुमार निवासी बहरामपुर विजयनगर गंभीर रूप से घायल हो गया। संजीव को गंभीर हालत के चलते हॉयर सेंटर रेफर किया गया है।
मेरठ रोड स्थित मेट्रो स्टेशन के नजदीक महामाया स्टेडियम के सामने रविवार की देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सड़क पर करीब 30 मीटर तक फिसली। बाइक सवार लोकेश कुमार (34) निवासी पृथला नोएडा व मूल निवासी भुर्रका थाना सादाबाद जनपद हाथरस गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान सड़क पर पैदल जा रहे संजीव कुमार फिसलती बाइक की चपेट में आकर वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस दोनों घायलों को एमएमजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने बाइक सवार लोकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल संजीव कुमार को हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस से आरोपी चालक और वाहन की पहचान कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, देर शाम नगर कोतवाली पहुंचे मृतक लोकेश के बड़े भाई बिजेंद्र सिंह निवासी भुर्रका सादाबाद कोतवाली जनपद हाथरस ने अज्ञात वाहन और आरोपी चालक के खिलाफ तहरीर दी है। एसीपी कविनगर रितेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर बीएनएस 281, लापरवाही से वाहन चलाना, 125(बी) गंभीर चोट पहुंचाना और 106 लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। बताया कि घटनास्थल की सीसीटीवी खंगाली जा रही हैं। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।