साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र स्थित बुध बाजार के पास 74 वर्षीय गोमती यादव से बाइक सवार दो बदमाशों ने कुंडल लूट लिए। इस दौरान बुजुर्ग का कान भी फट गया और कई टांके उनकाें लगे हैं। वारदात 11 मार्च की सुबह करीब नौ बजे हुई। महिला के पति धनराज सिंह यादव ने पुलिस से तहरीर देकर शिकायत की है। हालांकि अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
धनराज की ओर से पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 मार्च की सुबह उनकी पत्नी गोमती बुध बाजार रोड पर गई थीं। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर कुंडल लूट तो उनकी पत्नी गोमती का एक कान भी फट गया। घटना के बाद बदमाश भाग गए। गोमती के कान से खून निकला तो राहगीरों ने तुरंत उनको पास के अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने गोमती के कान में टांके लगाए और प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। वारदात के दिन वह अपने पैतृक गांव गए हुए थे। मंगलवार को वह गांव से लौटे और तहरीर लेकर थाने पहुंचे।
-
रिपोर्ट दर्ज करने से किया इन्कार
बुजुर्ग धनराज के परिचित शालीमार गार्डन निवासी प्रमोद जोशी ने बताया कि घटना की तहरीर लेकर थाने पहुंचे तो वहां पर शिकायत ली ही नहीं। इसके बाद जब आला अधिकारियों के पास जाने की बात कही तो उप निरीक्षक ने तहरीर लेकर घटनास्थल का मुआयना किया। हालांकि रिपोर्ट अभी भी दर्ज नहीं की है और न ही लुटेरों को पकड़ने के लिए कोई कार्रवाई शुरू की है।
जांच कर रहे उप निरीक्षक व उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सर्विलांस टीम ट्रेस कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।अतुल कुमार सिंह,एसीपी शालीमार गार्डन
-