साहिबाबाद। टीला मोड़ थानाक्षेत्र के इंद्रप्रस्थ आवासीय योजना निवासी पंकज ने सोसायटी के ही निवासी और दिल्ली पुलिस के कर्मचारी पर मारपीट का आरोप लगाया है। पहरी बार विवाद 12 मार्च की रात सोसायटी पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ। जबकि 15 मार्च को पंकज व उनके बहनोई रजत पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। विवाद की एक सीसीटीवी कैमरा फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
पुलिस को दी तहरीर में पंकज ने बताया कि 12 मार्च की रात आरोपी ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनसे हाथापाई शुरू कर दी। बताया कि कुछ देर बाद आरोपी एक पत्थर लाया और उनके भाई धनेश के सिर पर मारकर उनको घायल कर दिया। वह टीला मोड़ थाने पहुंचे और शिकायत की। हालांकि दोनों पक्षों के लोगों ने समझौता करा दिया। पंकज का आरोप है कि 15 मार्च को वह अपने बहनोई के साथ गाड़ी से जा रहे थे। घर के पास जब गेट खोलने के लिए उनके बहनोई रजत कार से उतरे तभी आरोपी और उसके साथियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी पुलिसकर्मी और उनकी दिल्ली पुलिस में ही तैनात पत्नी ने धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।