गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम क्षेत्र में विवाह मंडप से परिवार के साथ पैदल घर जा रही महिला के गले से सोने की चेन झपटकर बाइक सवार भागे। पीड़िता कल्पना निवासी संजयनगर ने थाने में तहरीर दी है।
जनपद बागपत में तैनात हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह की पत्नी कल्पना देवी (56) सोमवार की देर रात परिवार के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित विवाह मंडप से पैदल ही घर लौट रही थी। जब वह घर के सामने पहुंची तो हेलमेट लगाए दो बदमाशों ने बाइक बीच रास्ते में मोड़ी और कल्पना के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। कल्पना के बेटे तुषार ने दौड़कर बाइक सवारों को पकड़ने का प्रयास किया और शोर मचाया। हालांकि बाइक सवार अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची मधुबन बापूधाम थाना पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। पीड़िता ने बाइक सवार दो बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। बता दें कि 18 फरवरी को पटेलनगर निवासी लीलावती के गले से सोने की चेन झपटकर स्कूटी सवार बदमाश भाग गए थे। एक सप्ताह बाद भी सिहानी गेट पुलिस इस घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।