बाबूगढ़। थाना क्षेत्र एनएच-09 स्थित उपैड़ा फ्लाईओवर के पास शनिवार की दोपहर हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दीन मोहम्मद (50) निवासी गांव मुरादपुर सिंभावली की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी दीनमोहम्मद शनिवार की दोपहर किसी काम से हापुड़ जा रहे थे।
एनएच-09 स्थित उपैड़ा फ्लाईओवर के पास सड़क दुर्घटना में उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें गढ़ रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की पहचान करते हुए दीन मोहम्मद के परिजनों को सूचना दी।
सूचना पर उनके परिजन अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि पुलिस दुर्घटना कैसे हुई इसकी जांच कर रही है। दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कराई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।