क्रिकेट स्टेडियम हो रहा तैयार
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में बनने वाला यूपीसीए का पहला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम कानपुर के ग्रीनपार्क से भी बड़ा और मेलबर्न आस्ट्रेलिया के स्टेडियम से सुंदर होगा। 45 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में 2500 गाड़ियों के एक साथ पार्क करने की क्षमता होगी।
यूपीसीए की ओर से साल 2019 के अंत तक स्टेडियम को शुरू कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जीसीए के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने बताया कि यूपीसीए के पहले स्टेडियम को खेल विभाग से स्वीकृति मिलने के साथ सभी बाधाएं दूर कर ली गई हैं। जीडीए से स्वीकृति मिलने के बाद जल्द डिजाइनिंग सबमिट कर दी जाएगी।
यूपीसीए की ओर से 2019 से स्टेडियम का संचालन शुरू करने की कवायद शुरू कर दी गई है। शुरुआत में स्टेडियम में प्रथम श्रेणी व फिर आईपीएल, वन-डे, टी-20 व टेस्ट मैचों की गाजियाबाद मेजबानी करेगा।
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम कानपुर ग्रीन पार्क से 40 फीसदी बड़ा होगा। स्टेडियम में 45 हजार दर्शकों की क्षमता के साथ सभी अत्याधुनिक सुविधाएं व तकनीकी मौजूद रहेगी।
स्टेडियम आस्ट्रेलिया मेलबर्न के स्टेडियम से ही सुंदर होगा। इसके लिए यूपीसीए की ओर से देश-दुनिया के विभिन्न स्टेडियम की खूबियों और उनकी खामियों का सर्वे किया जा रहा है। स्टेडियम में मोरटी गांव के लोगों का विशेष सहयोग होने के चलते स्टेडियम के नाम पर राजनगर एक्सटेंशन के साथ मोरटी को भी जोड़ा जाएगा।