मसूरी। भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिला अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने डासना देवी मंदिर टोल बूथ से जिलाधिकारी कार्यालय तक तिरंगा यात्रा निकाली। करीब पांच किलोमीटर की पैदल यात्रा कर किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने प्रधानमंत्री के नाम सिटी मजिस्ट्रेट डाॅ. संतोष उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा। किसानों के पैदल मार्च के दौरान हापुड़ रोड को वन-वे किया गया। इस दौरान हापुड़ रोड जाम हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। करीब डेढ़ घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई।
सिटी मजिस्ट्रेट को प्रधानमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में भाकियू महाशक्ति ने मांग की कि पूर्व सांसद विधायकों की पेंशन बंद कराने, देश की रक्षा करने वाले जवानों व उत्तर प्रदेश पुलिस की पेंशन जारी कराने व पीआरडी होमगार्ड को भी 10 हजार रुपये प्रति माह पेंशन, पुलिसकर्मियों की 12 घंटे की ड्यूटी सुनिश्चित करने सहित जनपद में एनएच नौ पर स्ट्रीट लाइट लगवाने व लावारिस गोवंशों की रास्ते में आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर सभी गोवंशों को गोशाला भिजवाने और देहात में 18 घंटे बिजली देकर सुबह 9 बजे तक आपूर्ति सुनिश्चित करने और यूरिया खाद की कालाबाजारी रोकने की मांग की गई। इस अवसर पर बंटी लोधी, रोहित तोमर, संजय चौहान, कुलदीप शर्मा, सनी शर्मा, मनीष गर्ग, विजय सैन, बीएल शर्मा, रूपेश शर्मा आदि मौजूद रहे।