स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी हमले की आशंका और खुफिया एजेंसियों के एलर्ट के बाद रविवार सुबह से ही बॉर्डरों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई। रविवार को पुलिस ने सुबह से ही सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच की।
कारों के साथ बसों और दुपहिया वाहनों की भी तलाशी ली गई। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे से शुरू हुआ चेकिंग अभियान देर रात तक जारी रहा।
वैशाली मेट्रो स्टेशन दोपहर एक बजे
मेट्रो स्टेशन पर सीओ अतुल यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोगों के सामानों की चेकिंग की। साथ ही निर्माणाधीन बैंक्वेट हॉल की भी तलाशी ली गई। सीआईएसएफ के डॉग स्क्वायड ने भी पुलिस के साथ जांच में हिस्सा संदिग्ध लोगों की जांच की। पुलिस और सीआईएसएफ ने मेट्रो स्टेशन की पार्किंग को पूरी तरह खाली कराया।
यूपी गेट दोपहर तीन बजे
पुलिस की दो टीमें दिल्ली से एंट्री कर रही गाड़ियों की चेकिंग कर रही थीं। एसआई अंजनि कुमार के नेतृत्व में नियम तोड़ने वाले वाहनों के चालान काटे गए। सुबह साढ़े ग्यारह बजे से शुरू हुआ वाहन चेकिंग अभियान देर रात तक जारी रहा। इस दौरान वाहनों का हल्का जाम भी लग गया। दोनों ओर वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा।
आज भी जारी रहेगी चेकिंग
सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि हाई अलर्ट की घोषणा के बाद सोमवार को भी दिनभर चेकिंग जारी रहेगी। दिल्ली से एंट्री करने वाले हर संदिग्ध वाहन की चेकिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं। रविवार को बाजारों, मॉल्स और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग अभियान जारी रहा।