क्रॉसिंग्स रिपब्लिक पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया बदमाश। स्रोत: पुलिस
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में दादी-पोती से ऑटो में बैठाकर गहनों की लूट करने वाले चार आराेपियों को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल दो आरोपी दादी-पोती के गांव के ही निकले। मुठभेड़ में घायल दो आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों से लूटे गए गहने, दो तमंचे, घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया।
एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि आरोपियोें की पहचान इरफान व सादाब निवासी डासना, अमन गर्ग और नाजिम निवासी कुशलिया के रूप में हुई। आरोपियों को जल पॉइंट रोड के पास रोका तो वह भागने लगे। आरोपियों ने रिछपाल गढ़ी की पुलिया की तरफ ऑटो दौड़ा दिया। पुलिस ने उनको रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायर किया। बचाव में पुलिस ने भी फायर किया तो एक गोली इरफान और दूसरी गोली सादाब के पैर में लगी। चारों आरोपियों को दबोचा गया तो उन्होंने दादी-पोती से लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी अमन ने बताया कि वह कुशलिया गांव का रहने वाला है। बुजुर्ग मधु के परिवार ने उसको वसुंधरा जाने के लिए बुक किया था। मधु ने आभूषण पहने हुए थे, जिसके बाद उसको लालच आ गया। उसने फोन कर पहले नाजिम को बुलाया। इसी दौरान उन्होंने सादाब और इरफान को रास्ते में मिलने को कहा। वहीं, चारों ने योजनाबद्ध तरीके से दादी-पोती को तमंचे से आतंकित करते हुए उनके आभूषण लूट लिए। आरोपी धमकी देते हुए भाग गए थे।
एसीपी ने बताया कि आरोपी अमन का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। इरफान, सादाब का आपराधिक इतिहास है। उनके खिलाफ दो मुकदमे अलग-अलग थाने में दर्ज हैं।
मधु ने दर्ज कराया था मुकदमा
मधु ने बताया कि गांव का होने के नाते वह अमन और उसके परिवार को पहले से जानती थीं। उनको वसुंधरा में अपने भाई के यहां जाना था। इसलिए उन्होंने अमन को बुलाया लेकिन उनको विश्वास नहीं हो रहा कि गांव का लड़का ही उनके साथ इस तरह लूट की घटना को अंजाम दिलवाने में साथ रहेगा।
क्रॉसिंग्स रिपब्लिक पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया बदमाश। स्रोत: पुलिस