खोड़ा। थानाक्षेत्र निवासी 11वीं की एक छात्रा से उन्हीं के घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। छात्रा की मां के घर से जाने के बाद आरोपी अलीगढ़ निवासी अजय चौधरी ने दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। वारदात 31 मई की है, पुलिस ने चार जून की रात प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह मां के साथ किराये के मकान में रहती हैं। आरोपी अजय चौधरी का करीब चार-पांच वर्ष से उनके घर आना जाना था। आरोपी पहले भी कई बार फब्तियां कस चुका और जब यह बात उसने अपनी मां को बताई तो आरोपी और उनके परिवार के संबंध बिगड़ गए थे। आरोप है कि 31 मई को मां के काम पर जाने के बाद आरोपी घर में घुसा और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब मां शाम को घर पहुंची तो घटना बताई। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।