गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में एक युवक को समझौते का झांसा देकर घर बुलाया और मारपीट कर घायल कर दिया। घायल की तहरीर पर पक्ष की तरफ से कई हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अकबरपुर बहरामपुर निवासी रवि कुमार की तरफ से क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। रवि कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में पुलिस को बताया है कि करीब तीन माह पहले जीतू यादव एक दस वर्षीय बच्ची का हाथ पकड़कर उससे छेड़छाड़ करने का प्रयास कर रहा था। बच्ची हाथ छुड़ाकर अपने चाचा के पास पहुंची। इसके बाद चाचा ने आरोपी को पकड़ लिया और डायल-112 पर सूचना दे दी। आरोप है कि सूचना देने के बाद जीतू यादव का भाई उसे छुड़ाकर ले गया। रवि कुमार का कहना है कि इस संबंध में वह पीड़ित पक्ष के साथ पुलिस चौकी में शिकायत दिलाने गए थे। इस पर आरोपी पक्ष के 10-15 लोग उनके घर धमकी देने और मारपीट करने पहुंचे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसी सिलसिले में जीतू के पिता मनोज ने उसे बातचीत करने के लिए 15 नवंबर को बुलाया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। रवि का कहना है कि उन पर हमला करने वालों में दीपक यादव, उसका भतीजा लक्की यादव, सकीरा, अर्पित और मनोज का बेटा शामिल था। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।