कांवड़ यात्रा को लेकर नवनियुक्त डीएम निधि केसरवानी ने बुधवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक ली। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि कांवड़ संबंधी सभी तैयारियां 22 जुलाई की दोपहर 12 बजे तक ही पूरी कर ली जाएं।
डीएम ने कहा कि वह स्वयं 22 तारिख को मौके पर जाकर एक-एक व्यवस्था का जायजा लेगी। समय से कार्य पूर्ण न होने के कारण कही भी कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति प्रतिकूल हुई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
इसके साथ ही डीएम ने एनएच-58 पर अवैध कटों को तत्काल बन्द करने, सड़कों के किनारे फुटपाथ पर बने गड्ढों में रबीस डालकर उन्हें तत्काल दुरूस्त किया जाए। इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिकारियों को डीमए ने निर्देशित किया कि वह सभी डिवाइडरों पर लगे विद्युत पोल को पॉलीथिन लगाकर ढक दें और ढीले तारों को तत्काल टाइट किया जाए, जिससे कांवड यात्रा के दौरान किसी कांवडिया के साथ दुर्घटना न घट सके।
डीएम ने निर्देश दिए कि कांवड़ पटरी मार्ग पर नीचे लटके पेडों की छंटाई का काम भी 22 जुलाई तक ही पूरा कर दिया जाए। उन्होंने सीएमओ को निर्देशित किया कि वह पर्याप्त मात्रा में कांवड़ यात्रा वाले मार्ग पर न केवल एंबुलेंस की व्यवस्था रखें, बल्कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी पीएचसी, सीएचसी पर डॉक्टरों समेत सभी स्टाफ की ड्यूटी 24 घंटे सुनिश्चित कराएं।
बैठक में एडीएम फाइनेंस ज्ञानेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन जेपी मिश्र, एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह के अलावा पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।