साहिबाबाद। सावन में शिवभक्ति की अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। इसी आस्था के बीच 16 और 17 वर्षीय नाबालिग अपनी नौ साल की बहन के जल्द स्वस्थ होने की कामना लेकर 71 लीटर गंगाजल उठाया। दोनों भाईयों ने संकल्प लिया है कि बहन के पूरी तरह स्वस्थ होने तक वह हर साल हरिद्वार से भगवान भोलेनाथ के लिए गंगाजल लेकर आएंगे।
दिल्ली निवासी सागर ने बताया कि नौ साल की एक छोटी बहन और वह तीन भाई हैं। बहन बहुत दिनों से बीमार चल रही है। वर्तमान में बहन की स्थिति यह की वह अपने पैरों पर खड़ी भी नहीं हो पाती है। उन्होंने अपने भाई वरुण के साथ हरिद्वार से गंगाजल लाने के लिए कहा। दोनों भाई 20 जुलाई को हरिद्वार पहुंचे और 23 जुलाई को 71 लीटर गंगाजल उठाया है। उन्होंने बताया कि बहन के स्वस्थ होने की खुशी उसके लिए सबसे बड़ी है और इसी विश्वास के साथ वह भोलेनाथ की भक्ति में आगे बढ़ रहा है।
भोले के नन्हे भक्त ला रहे कांवड़
इस बार बड़ों के साथ बच्चे भी परिवार के साथ हरिद्वार से गंगाजल ला रहे हैं। चार वर्षीय अर्नव उत्तम नगर दिल्ली निवासी अपने माता-पिता के साथ गंगाजल लाया तो तीन वर्षीय साहिबाबाद निवासी अंत अपने पिता के साथ हरिद्वार की पौड़ी से गंगाजल लेकर आया। अनमोल भी पांच साल की उम्र में अपनी माता के साथ कांवड़ लेकर आया।