इंदिरापुरम। ट्रांस हिंडन जोन के इंदिरापुरम सर्किल में मोबाइल और चेन छिनैती की वारदात रोकने के लिए अब सुबह-शाम नहीं बल्कि पूरे दिन पुलिस हॉट स्पॉट पर तैनात रहेगी। कांवड़ यात्रा के बाद नई व्यवस्था को लागू किया जाएगा। सभी हॉट-स्पॉट पर ड्यूटी लगाई जाएगी और बैरिकेडिंग कर चेकिंग भी होगी। वारदात पर इसका असर पड़ता है तो इस व्यवस्था को बाकी थानाक्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा।
चोरी और छिनैती की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। यह हालात तब हैं जब छिनैती के अनगिनत मामलों में पुलिस एनकाउंटर तक कर चुकी है। सात माह के भीतर ट्रांस हिंडन जोन में करीब तीन दर्जन से भी अधिक छिनैती की वारदात सामने आ चुकी हैं। हालांकि पुलिस ने इन वारदातों में शामिल 15 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बावजूद वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस के लिए चुनौती बन रहे बदमाशों को रोकने के लिए सुरक्षा का एक प्लान तैयार किया गया है। वर्ष 2025 में तत्कालीन डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील और उनके बाद वर्तमान में प्रभारी डीसीपी धवल जयसवाल ने गूगल मैपिंग के जरिये छिनैती के हॉट-स्पॉट चिह्नित किए थे। यहां सुबह पांच बजे से सात बजे और शाम छह बजे से रात 10 बजे तक बैरिकेडिंग कर चेकिंग की व्यवस्था बनाई। अब इसकी जगह इन स्थानों पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती रहेगी। थानों में मौजूद अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही बैरिकेड्स लगाकर वाहनों को भी जांच करने के बाद जाने दिया जाएगा। हालांकि इसका भी ध्यान रखा जाएगा कि यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहे।
अपराधिक वारदात की रोकथाम के लिए नई योजना तैयार की जा रही है। कांवड़ यात्रा के बाद इस योजना पर काम करते हुए 24 घंटे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाकर चेकिंग करते हुए सक्रियता बरती जाएगी। सूर्यबली मौर्य, एसीपी इंदिरापुरम