फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: मौसम और प्रदूषण के दोहरे वार से बढ़ी दमा के मरीजों की परेशानी

विज्ञापन
जिला अस्पताल की ओपीडी में कतार में खड़े मरीज। संवाद
विज्ञापन
गाजियाबाद। मौसम में बदलाव और बढ़ते प्रदूषण ने दमा के मरीजों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह और शाम की ठंडक, हवा में मौजूद धूल के कण और प्रदूषित वातावरण सांस के मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में सांस संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। एमएमजी अस्पताल में रोजाना 150 से 200 मरीज सांस संबंधी परेशानी लेकर पहुंच रहे हैं, जबकि संयुक्त जिला अस्पताल में प्रतिदिन 35 से 40 मरीज उपचार करा रहे हैं।
विज्ञापन

चिकित्सकों के मुताबिक मौसम में बदलाव के दौरान सांस की नलियों में सूजन और सिकुड़न की समस्या बढ़ सकती है। वहीं, प्रदूषण के महीन कण फेफड़ों तक पहुंचकर सांस लेने की प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं। ऐसे में दमा के मरीजों को दवाओं के नियमित सेवन के साथ बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है।
-
नियमित दवा और सावधानी जरूरी
वरिष्ठ छाती रोग विशेषज्ञ व आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आशीष अग्रवाल का कहना है कि मौसम में बदलाव और प्रदूषण का असर दमा के मरीजों पर अधिक पड़ता है। पुराने मरीजों की सांस की नलियां पहले से संवेदनशील होती हैं। प्रदूषण के संपर्क में आने से उनमें सूजन बढ़ सकती है। मरीजों को नियमित दवा लेने के साथ प्रदूषण से बचाव करना चाहिए।
विज्ञापन

-
बिना सलाह बंद न करें इनहेलर
एमएमजी अस्पताल के छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. इमरान खां ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 150 से 200 सांस संबंधी मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें दमा और सांस की अन्य समस्याओं से पीड़ित मरीज भी शामिल हैं। मरीजों को सलाह दी जा रही है कि वे बिना चिकित्सकीय परामर्श के इनहेलर बंद न करें। परेशानी बढ़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं।

परेशानी बढ़ने के प्रमुख कारण
-हवा में मौजूद पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिये फेफड़ों तक पहुंचते हैं। इससे सांस की नलियों में जलन और सूजन बढ़ सकती है।
-दिन और रात के तापमान में अंतर होने से सांस की नलियां संवेदनशील हो सकती हैं। ठंडी हवा पुराने दमा रोगियों की परेशानी बढ़ा सकती है।
-निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, वाहनों का धुआं और कूड़ा जलाने से निकलने वाला धुआं दमा के मरीजों के लिए नुकसानदायक है।
-मौसम बदलने के दौरान सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण की आशंका बढ़ती है। इससे दमा के मरीजों में सांस फूलने और खांसी की समस्या बढ़ सकती है।
-कई मरीज आराम मिलने पर इनहेलर और नियमित दवाएं लेना बंद कर देते हैं। इससे बीमारी के लक्षण दोबारा गंभीर हो सकते हैं।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
-प्रदूषण अधिक होने पर बाहर निकलने से बचें। जरूरी होने पर अच्छी गुणवत्ता वाला एन-95 मास्क पहनें।
-चिकित्सक की सलाह के अनुसार इनहेलर और दवाओं का नियमित इस्तेमाल करें। बिना सलाह दवा बंद न करें।
-घर में धूल जमा न होने दें। धुएं, अगरबत्ती और तेज खुशबू वाले उत्पादों से दूरी बनाए रखें।
-बाहर निकलते समय मुंह और नाक ढककर रखें। अचानक ठंडी हवा के संपर्क में आने से बचें।
-सांस लेने में अधिक परेशानी, सीने में जकड़न या रात में लगातार खांसी होने पर चिकित्सक से संपर्क करें। गंभीर सांस की तकलीफ होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें