गाजियाबाद जिले में परीक्षा के लिए कुल 6,515 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा देने के लिए 100 से लेकर 500 किलोमीटर दूर से अलीगढ़, सहारनपुर, रामपुर, उन्नाव, कानपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गाजियाबाद पहुंचे।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएएससी) द्वारा आयोजित सहायक बोरिंग तकनीशियन मुख्य परीक्षा रविवार को गाजियाबाद के 14 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
विज्ञापन
जिले में परीक्षा के लिए कुल 6,515 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा देने के लिए 100 से लेकर 500 किलोमीटर दूर से अलीगढ़, सहारनपुर, रामपुर, उन्नाव, कानपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गाजियाबाद पहुंचे। परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलने वाले अधिकांश अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर अपेक्षा से अधिक कठिन था। विशेष रूप से तकनीकी विषयों से पूछे गए कई प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को उलझा दिया।
कई अभ्यर्थियों का कहना था कि पेपर में ऐसे प्रश्न शामिल थे, जिनका उत्तर देने में काफी समय लगा और परीक्षा के दौरान उनके पसीने छूट गए। हालांकि कुछ अभ्यर्थियों ने सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों को संतुलित बताया, लेकिन तकनीकी खंड ने परीक्षा को चुनौतीपूर्ण बना दिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के बीच प्रश्नों और संभावित कटऑफ को लेकर लंबी चर्चा होती रही। कुल मिलाकर अधिकांश परीक्षार्थियों ने पेपर को मध्यम से कठिन स्तर का बताया।