गाजियाबाद। हम-तुम रोड की बदहाली पर अब लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। वादों पर वादों के बाद सड़क नहीं बनने से परेशान हम-तुम संघर्ष समिति ने 29 नवंबर को पैदल मार्च का एलान किया है। सातों सोसायटी के निवासियों से घरों से निकलकर मार्च में भाग लेने की अपील की है। साथ ही सुविधाएं नहीं तो टैक्स नहीं, सड़क नहीं-तो वोट नहीं का नारा दिया है।
समिति के मीडिया प्रभारी मुरारी लाल शर्मा का कहना है कि आज हम-तुम रोड भ्रष्ट प्रशासनिक व्यवस्था, राजनीतिक उदासीनता और अधिकारियों की घोर लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन चुकी है। वर्षों से इस सड़क के निर्माण के नाम पर केवल झूठे आश्वासन, खोखली बैठकें और कागजी खानापूर्ति का खेल खेला जा रहा है, जबकि आम जनता रोजाना गड्ढों, धूल, जाम और दुर्घटनाओं की मार झेलने को मजबूर है। हम सब मिलकर 29 मार्च को हम-तुम रोड से मेरठ रोड तक पैदल मार्च निकालेंगे। अब चुप्पी नहीं चलेगी। हर बार महीने-दर-महीने तारीख बढ़ती जा रही है। विपिन तोमर का कहना है कि नए टेंडर जारी होने के बाद नवंबर में काम शुरू होने का फिर झूठा वादा किया गया, लेकिन आधा महीना बीत गया। अब तक काम शुरू नहीं हुआ। जीडीए और संबंधित विभाग जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुके हैं। हर बार सड़क निर्माण की घोषणा कर जनता को गुमराह किया जाता है, लेकिन जब काम शुरू करने की बारी आती है तो अधिकारी फाइलों, अधिग्रहण और प्रक्रियाओं का बहाना बनाकर अपनी जिम्मेदारी से भाग खड़े होते हैं। निवासी शिवम पाराशर का कहना है कि इस सड़क के निर्माण के लिए जीडीए ने 24 मीटर चौड़ी सड़क का प्रस्ताव रखा था। शिलान्यास भी हुआ, लेकिन सड़क अभी तक नहीं बन सकी। लगभग 18 महीने की देरी के बाद अब नया टेंडर करीब 4 करोड़ अधिक लागत पर जारी किया गया, इस बढ़ती लागत की जिम्मेदारी कौन लेगा।