गाजियाबाद। शहर की आबोहवा को जहरीला बना रहे मियाद पूरी कर चुके (ओवरएज) वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। जनपद की सड़कों पर दौड़ रहे ऐसे करीब 40 हजार वाहनों के संचालन पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार इन वाहनों की आयु बहुत पहले पूरी हो चुकी है। इसके बाद भी वाहन स्वामियों ने न तो इन्हें स्क्रैप कराया है और न ही एनओसी ली है।
परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल श्रेणी के करीब 40 हजार वाहन पंजीकृत हैं, जिनकी आयु सीमा बहुत पहले ही समाप्त हो चुकी है। एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार दिल्ली-एनसीआर में ऐसे वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहन स्वामी नियमों को ताक पर रखकर इन्हें सड़कों पर दौड़ा रहे हैं, जिससे वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है।
विज्ञापन
एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार परिवहन विभाग केवल सड़कों पर चेकिंग तक सीमित नहीं रहेगा। विभाग ने इन सभी 40 हजार वाहन स्वामियों का डेटा तैयार कर लिया है। अभियान के तहत पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर कॉल कर और पते पर नोटिस भेजकर वाहन मालिकों से सीधे संपर्क साधा जाएगा। उन्हें अपने पुराने वाहन अधिकृत स्क्रैप सेंटर (आरवीएसएफ) पर जमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संपर्क अभियान के साथ-साथ प्रवर्तन की कार्रवाई भी तेज की जाएगी। यातायात पुलिस के साथ मिलकर शहर के प्रमुख चौराहों और बॉर्डर पर सघन चेकिंग होगी। पकड़े जाने पर वाहन को जब्त कर स्क्रैप की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का मानना है कि सीधे संपर्क और सख्त चेकिंग से पुराने वाहनों को सड़कों से हटाया जा सकेगा और प्रदूषण पर लगाम लगेगी।