डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को भीछह और नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। संक्रामक रोग विभाग में शनिवार को प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों को मिलाकर 61 सैंपल की जांच हुई थी, जिसमें से छह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसको मिलाकर अब तक 47 डेंगू के मरीज हो गए हैं इसके अलावा चिकनगुनिया के भी 25 मरीजों में पुष्टि हुई है।
छह सौ में ही करें डेंगू की जांच
प्राइवेट अस्पतालों और पैथलैब संचालकों को स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा से निर्देश दिए हैं। सभी अस्पतालों को यह निर्देश दिए हैं कि एलाईजा से ही डेंगू के नमूनों की जांच की जाए। इसके साथ ही सभी प्राइवेट अस्पतालों और लैब के लिए भी डेंगू जांच के रेट छह सौ रुपये किए गए हैं, जिसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. अजेय अग्रवाल का कहना है कि जो निजी लैब या अस्पताल निर्धारित धनराशि से अधिक चार्ज लेता है तो उसे सरकारी आदेश की अवहेलना मानते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि एमएमजी परिसर में स्थित संक्रामक रोग विभाग में डेंगू चिकनगुनिया की मुफ्त जांच की जाती है।