सेमी हाईस्पीड ट्रेन ‘हमसफर’ दिल्ली से गोरखपुर के बीच का सफर छोटा कर देगी। यह ट्रेन आनंद विहार से महज 12:35 घंटे में गोरखपुर पहुंचा देगी। रेलवे ने आनंद विहार-गोरखपुर के बीच चलने वाली हमसफर ट्रेन का शेड्यूल जारी कर दिया है।
हालांकि इस ट्रेन के शुभारंभ की तारीख अभी तय नहीं हुई है। गाजियाबाद में इस ट्रेन का स्टॉपेज नहीं मिला है, लेकिन गाजियाबाद, साहिबाबाद और नोएडा के लोग आनंद विहार से ट्रेन में सफर कर सकते हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आनंद विहार से यह ट्रेन रात 8:25 बजे रवाना होगी। रात 2:50 बजे यह कानपुर स्टेशन पर पहुंचेगी। यह इसका पहला स्टॉपेज होगा। तड़के 4:20 बजे यह लखनऊ पहुंचा देगी। यहां 10 मिनट के स्टापेज के बाद 4:30 बजे यह गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएगी और सुबह 9 बजे यह गोरखपुर स्टेशन पर पहुंचेगी।
आनंद विहार स्टेशन से यह सप्ताह में बुधवार, शुक्रवार और सोमवार को रवाना होगी। इसी तरह गोरखपुर से यह ट्रेन हर मंगलवार , बृहस्पतिवार और रविवार को रवाना होगी। गोरखपुर से यह ट्रेन रात 8 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:50 बजे आनंद विहार स्टेशन पर पहुंच जाएगी।
यात्रा का समय कम करने के लिए रेलवे ने इस ट्रेन के स्टॉपेज कम दिए हैं। आनंद विहार और गोरखपुर के बीच यह ट्रेन सिर्फ दो स्टेशनों पर रुकेगी। नार्दन रेलवे के पीआरओ कुलतार सिंह का कहना है कि 18 कोच की इस ट्रेन का संचालन शुरू होने के लिए अभी तारीख तय होना बाकी है।
उन्होंने बताया कि एक अक्तूबर से रेलवे का नया टाइम टेबल भी लागू हो जाएगा। यह टाइम टेबल तैयार कर लिया गया है। इसमें कई ट्रेनों के समय में फेरबदल किया गया है।