इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से की जा रही छापामारी के विरोध में व्यापारी बुधवार को सड़कों पर उतर आए। सरकार विरोधी नारे लगाते हुए मशाल जुलूस निकाला। मार्बल बाजार बंद कर विरोध भी जताया।
इन दिनों इनकम टैक्स डिपार्टमेंट बाजारों में छापामारी अभियान चला रहा है। डिपार्टमेंट की टीम किसी भी व्यापारी के प्रतिष्ठान पहुंचकर सर्च शुरू कर देती है। गाजियाबाद उद्योग व्यापारी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप बंसल, उदित मोहन गर्ग, तरुण शर्मा, अनिल गर्ग आदि ने आरोप लगाया कि सर्च ऑपरेशन के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
केंद्र सरकार की आईडीएस स्कीम में मिले टारगेट को पूरा करने के लिए अधिकारी जबरदस्ती भी करते हैं। एक तरह से रंगदारी और जबरन उगाही की जा रही है। यदि ये नहीं रुका तो शहर के सभी व्यापारी अपना प्रतिष्ठान बंदकर चाभी प्रधान आयकर आयुक्त को सौंप देंगे।
बुधवार को भी टीम कालकागढ़ी में मार्बल बाजार पहुंची। वहां व्यापारियों ने उनका कड़ा विरोध किया और बाजार बंद कर दिया। दूसरी ओर महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद, अशोक चावला, ब्रिज मोहन सिंघल, राजदेव त्यागी समेत 300 से ज्यादा व्यापारियों ने मशाल जुलूस निकाला। जुलूस अंबेडकर पार्क से शुरू होकर चौपला बाजार, डासना गेट, रमेत राम रोड, घंटाघर होते हुए वापस अंबेडकर पार्क जाकर समाप्त हुआ।