गाजियाबाद। दयानंद नगर स्थित एसडी ग्लोबल स्कूल में सोलर पैनल लगाने के नाम पर प्रत्येक बच्चे से 7,500 रुपये मांगने का मामला सामने आया है। आरडब्ल्यूए फेडरेशन ने स्कूल प्रबंधन पर अभिभावकों से धनराशि मांगने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, डीआईओएस और सीबीएसई को पत्र भेजकर जांच की मांग की है। फेडरेशन की ओर से बुधवार को अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
फेडरेशन के महासचिव (प्रशासन) प्रीतम लाल के अनुसार 22 अगस्त को स्कूल में हुई पीटीएम के दौरान अभिभावकों को सोलर पैनल लगवाने के लिए प्रत्येक बच्चे से 7,500 रुपये देने की जानकारी दी गई। उनका आरोप है कि कई अभिभावकों की शिकायत मिलने के बाद फेडरेशन ने मामले को उठाया है। स्कूल की ओर से जारी पत्र में परियोजना की 50 प्रतिशत राशि स्कूल और बाकी 50 प्रतिशत अभिभावकों से लिए जाने की बात कही गई है।
स्कूल बोला- एसी लगाने की मांग पर लिया गया फैसला
स्कूल की प्रधानाचार्य ज्योत्सना शर्मा ने बताया कि कई अभिभावकों ने स्कूल में एसी लगाने की मांग की थी। प्रबंधन ने शुरुआत में इससे मना किया, लेकिन बाद में अधिकतर अभिभावकों ने सहयोग राशि देने की बात कही। इसके बाद 100 केवीए के सोलर पैनल के साथ 76 एसी लगाने का एस्टीमेट तैयार कराया गया, जिसकी अनुमानित लागत करीब 1.42 करोड़ रुपये आई। प्रधानाचार्य के अनुसार इस खर्च को स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के बीच आधा-आधा बांटने का निर्णय लिया गया। इसकी जानकारी पीटीएम में अभिभावकों को दी गई। उन्होंने बताया कि अभिभावकों पर एक साथ आर्थिक बोझ न पड़े, इसलिए 312.50 रुपये प्रतिमाह 24 महीने तक भुगतान करने का विकल्प दिया गया है। जो अभिभावक एकमुश्त राशि देना चाहें, वे ऐसा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के अनुरोध पर बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है।