गाजियाबाद। थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर करीब 3.5 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले आरोपी आकाश बंसल को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पत्नी भी इस मामले में शामिल थी, उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मुरादनगर निवासी नितिन सिंघल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आकाश बंसल ने उन्हें क्रिप्टो ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच दिया था। आरोपी ने नितिन और उनके दोस्तों को अपने झांसे में लेकर उनके करीब 3.5 करोड़ रुपये से 3.25 बिटक्वाइन और 29 एथेरियम खरीदवाए।
आकाश ने नितिन के नाम पर फर्जी क्रिप्टो वॉलेट बनाने का दावा किया लेकिन धोखाधड़ी करते हुए क्रिप्टो करेंसी को खुद के वॉलेट में जमा करा लिया। इसके बाद आरोपी ने क्रिप्टो करेंसी को नरोत्तम और अमन नामक सहयोगियों को बेचकर नकदी हासिल कर ली और वॉलेट डिलीट कर दिया। उसने पीड़ित को झूठ बोला कि उसका वॉलेट हैक हो गया है।
पत्नी भी शामिल, चल रही तलाश
मामले की जांच कर रही साइबर क्राइम टीम ने क्रिप्टो एक्सचेंज से डिटेल मांगी जिसमें आकाश बंसल के किए गए साइबर फ्रॉड के पुख्ता सबूत मिले। पूछताछ में सामने आया कि इस पूरे खेल में आरोपी की पत्नी मनीषा बंसल भी शामिल थी। पुलिस टीम ने आरोपी आकाश बंसल निवासी राम नगर, मानसरोवर पार्क, शाहदरा, दिल्ली को मानसरोवर पार्क क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों मनीषा बंसल, नरोत्तम और अमन की तलाश कर रही है।