18 जून को मुरादनगर थाने के सामने रवि शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रवि अपने पिता और भाई के साथ घर पर हुई फायरिंग की शिकायत दर्ज कराने थाने आए थे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गांव मिलक रावली पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। अजय राय ने कहा कि थाना के सामने हत्या कानून व्यवस्था की पोल खोल रही है। पुलिस थाने के गेट पर एक नागरिक की सुरक्षा नहीं कर सकती तो आम जनता कहां जाएगी।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मिल्क रावली निवासी रविंद्र शर्मा भाकियू (भानू) में संगठन मंत्री हैं। उनके बेटे रवि शर्मा बुधवार रात करीब 7:45 बजे अपनी दुकान बंद कर कार से घर लौट रहे थे। गांव में उनकी भतीजियां ऑटो से उतर रहीं थी, जिस कारण रवि ने कार सड़क पर रोक दी। तभी सामने से आ रहे गांव के ही मोन्टी और अजय कुमार उर्फ मिनी के साथ कार रोकने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद के बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए।
रात करीब 8:45 बजे अजय और मोन्टी ने रवि के घर के बाहर तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली गेट को आरपार कर गई। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद रवि, उनके पिता रविंद्र, भाई विकास और अन्य ग्रामीण शिकायत दर्ज कराने मुरादनगर थाने पहुंचे। रात करीब 12 बजे, जब रविंद्र और उनका भाई तहरीर लिख रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने थाने के सामने रवि पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। एक गोली रवि की पीठ में लगी और आरपार हो गई। आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। रवि को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।