सेक्टर-14 स्थित सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल में बुधवार को एडवेंचर कैंप के दौरान तीसरी कक्षा का एक छात्र रस्सी पर एक छोर से दूसरे छोर पर जाते समय करीब दो मंजिला इमारत जितनी ऊंचाई से नीचे गिर गया।
इतनी ऊंचाई से गिरने पर आठ वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। शिक्षकों ने आनन-फानन में उसे अटलांटा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जांच में उसके हाथ और जबड़े में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। परिजनों का कहना है कि स्कूल के खिलाफ पुलिस को शिकायत देंगे।
दोपहर करीब एक बजे दिल्ली स्थित एक कंपनी में मैनेजर संदीप पांडेय के पास स्कूल से फोन आया कि उनका बेटे तन्मय पांडेय का एक्सीडेंट हो गया है। बताया गया कि स्कूल में एडवेंचर कैंप लगा था और तन्मय फ्लाइंग इवेंट में भाग ले रहा था।
तन्मय करीब दो मंजिल की ऊंचांई से जमीन पर गिरा। शिक्षकों ने तन्मय को आनन-फानन में अटलांटा अस्पताल में भर्ती करा कर अभिभावकों को सूचना दी। सूचना पर संदीप तुरंत अटलांटा अस्पताल पहुंचे, जहां पता चला कि तन्मय के हाथ और जबड़े में फ्रैक्चर हुआ है।
गनीमत रही कि छात्र सिर के बल नहीं गिरा वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पिता संदीप पांडेय ने बताया कि बेटे की तबीयत ठीक होने पर आगे की कार्रवाई करेंगे। फिलहाल, पुलिस को मामले में कोई शिकायत नहीं दी गई है। स्कूल प्रबंधन से मामले में संपर्क किया गया लेकिन उनकी ओर को कोई उत्तर नहीं मिला।