उत्तर प्रदेश राज्य एवं सड़क परिवहन निगम ने दिवाली पर अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। रोडवेज के एमडी ने सभी रीजन को पत्र जारी कर अतिरिक्त बसें चलाने और चालक-परिचालकों की छुट्टी रद्द करने के निर्देश दिए हैं।
30 अक्तूबर को दिवाली है। इस दौरान काफी संख्या में लोग अपने घर जाएंगे। इसे देखते हुए एमडी मृत्युंजय कुमार नारायण ने 28 अक्तूबर से चार नवंबर तक अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चालक और परिचालकों को छुट्टी रद्द करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि रीजन में अधिक से अधिक बसें ऑनरोड रखी जाएं। बसों की मरम्मत की व्यवस्था भी सभी डिपो की जाए। चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन देने के लिए अतिरिक्त वेतन भी दिया जाएगा। आरएम पीके बोस ने बताया कि एमडी के निर्देश पर डिपो की सभी बसों को ऑनरोड रखा जाएगा।
- इन रूटों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
दिल्ली-लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, सनौली, बनारस रूट पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके साथ ही गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली पर बसों के चक्कर भी बढ़ाए जाएंगे। ऑनलाइन बुकिंग भी जल्द खोली जाएगी, जिससे लोगों को ऑनलाइन टिकट बुक कराने में आसानी होगी।