अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा की ओर से रविवार को सातवां वैवाहिक परिचय सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में कई शहरों के यादव परिवार अपने बेटे व बेटी के लिए उचित रिश्ते की खोज में पहुंचे।परिचय सम्मेलन ताज हाईवे के पास स्थित गांव बहरामपुर निकट एनएच-24 स्थित माया गार्डन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ फिल्म अभिनेता राजपाल यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल समाज को जोड़ने का काम करते हैं बल्कि बच्चों के लिए सही रिश्ते की तलाश भी आसान हो जाती है। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों को शिक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा हासिल कर ही कोई भी समाज अपनी अलग पहचान बनाता है।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पहुंची पर्वतारोही संतोष यादव (दो बार एवरेस्ट फतेह कर चुकी दुनिया की पहली महिला) ने कहा कि उन्हें गर्व होता है कि वे यदुवंशी है। उ
न्होंने समाज के लोगों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि महाभारत काल से लेकर अब तक हर क्षेत्र में यदुवंशियों का वर्चस्व रहा है। यह परंपरा निरंतर बनाए रखने का दायित्व समाज के ही लोगों का है। इसके बाद युवक-युवतियों का परिचय कराया गया। समिति अध्यक्ष रामअवतार यादव ने बताया कि सम्मेलन के लिए कुल एक हजार युवक-युवतियों का पंजीकरण था।
इनमें से 425 युवतियां और 575 युवक शामिल रहे। परिचय के बाद परिवारों के बीच आपसी बातचीत हुई। अंतर्राष्ट्रीय पहलवान नरसिंह यादव को भी इस कार्यक्रम में आना था, मगर किसी कारणवश शामिल न हो पाने पर उन्होंने समाज के नाम अपना संदेश रिकार्डिड वीडियो के माध्यम से भेजा। यह रिकॉर्डिंग कार्यक्रम के बीच चलवाई गई।
नरसिंह यादव ने कहा कि जिस तरह पहलवानी में बेहद सोच समझकर दांव लगाना पड़ता है। उसी प्रकार लोगों को जीवन साथी चुनने में भी इसी तरह की समझदारी दिखानी चाहिए, जिससे कि एक सफल दांपत्य की शुरुआत हो सके। कार्यक्रम में यूपी सरकार के मंत्री राकेश यादव ने भी लोगों को संबोधित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रामअवतार यादव, केके यादव, सतेंद्र यादव, सिकंदर यादव, रवि यादव, विनिता यादव आदि का विशेष सहयोग रहा।