विक्रम एंक्लेव में प्रशासन द्वारा सील की गई जींस रंगाई फैक्ट्रियां दोबारा शुरू हो गई हैं। रेजिडेंट्स ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री मालिकों ने पुलिस के साथ मिलकर फैक्ट्रियों की सील तोड़ दी है। कुछ फैक्ट्री संचालकों ने सील तोड़कर सारा सामान बाहर निकाल लिया है। शिकायत के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
रेजिडेंट्स का कहना है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पावर कारपोरेशन, नगर निगम की टीम ने मिलकर रिहायशी इलाकों में चल रही कुछ फैक्ट्रियों को करीब दो महीने पहले सील किया था।
इन फैक्ट्री मालिकों ने सील को तोड़ दिया है और दोबारा से फैक्ट्रियां चालू कर दी हैं। कुछ ने तो सील तोड़कर फैक्ट्री में रखा सारा सामान बाहर निकाल लिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री मालिकों ने पुलिस के साथ मिलकर सील को तोड़ा है। अधिवक्ता राजकुमार कौशिक ने बताया कि इस बाबत कोर्ट में पीआईएल डाली जाएगी।