खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र में 12वीं की छात्रा से दुष्कर्म करने वाले आरोपी चाचा के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। साथ ही शुक्रवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया। वहीं, एसडीएम ने होटल को सील किया और संचालक पर कार्रवाई के लिए जांच शुरू कर दी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी बस चालक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी बृहस्पतिवार को स्कूल जा रही थी। तभी रास्ते में उनकी बुआ के बेटे रिजवान ने उनकी बेटी को बाइक से स्कूल छोड़ने के लिए कहा। बेटी रिजवान की बाइक पर बैठ गई। आरोप है कि आरोपी रिजवान रेस्तरां ले जाने के बहाने उनकी बेटी को एनएच-34 पर स्थित सुभाष होटल पर ले गया। जहां पर आरोपी ने जबरन छात्रा से दुष्कर्म किया।
छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर वहीं से उसको ऑटो में बैठाकर घर भेज दिया और फरार हो गया। परिजनों ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया तो दुष्कर्म की घटना सामने आई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी रिजवान को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी। सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने बताया कि आरोपी रिजवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं होटल को भी सील कर दिया गया है और संचालक पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।