गाजियाबाद। ग्रेटर नोएडा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की पाई-1 शाखा में ग्राहकों के खातों से 10.24 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों दीपांशी और आशुतोष पाठक को अदालत ने न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया। तीन दिन की सीबीआई रिमांड अवधि समाप्त होने पर बृहस्पतिवार को सीबीआई ने दोनों को विशेष अदालत में पेश किया था। सुनवाई के बाद न्यायाधीश ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत का आदेश दिया।
सीबीआई के मुताबिक, बैंक की पाई-1 शाखा में कई ग्राहकों के खातों से बिना अनुमति करीब 10.24 करोड़ रुपये निकालने और अन्य खातों में भेजने का मामला सामने आया था। इस संबंध में बैंक प्रबंधन की ओर से शिकायत मिलने के बाद जांच एजेंसी ने 29 अक्तूबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी। प्रारंभिक जांच में खातों से हुए संदिग्ध लेनदेन और धनराशि के हस्तांतरण की पड़ताल शुरू की गई। जांच में बैंक में ऑफिस असिस्टेंट/सब स्टाफ के पद पर तैनात दीपांशी की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि उसने निजी व्यक्ति आशुतोष कुमार पाठक और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर ग्राहकों की रकम अनधिकृत तरीके से निकाली और अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित की। मामले में साक्ष्य जुटाने के बाद सीबीआई ने दोनों को गिरफ्तार किया था।
आशुतोष की पुणे से हुई थी गिरफ्तारी
एजेंसी ने आशुतोष कुमार पाठक को महाराष्ट्र के पुणे से पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ और साक्ष्य संकलन के लिए अदालत से तीन दिन की पुलिस हिरासत में ली थी। इस दौरान बैंक खातों में हुए लेनदेन और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े पहलुओं की जांच की गई। रिमांड की अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला सुनाया। अब मामले में सीबीआई बैंक खातों के लेनदेन, धनराशि के संभावित लाभार्थियों और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच आगे बढ़ाएगी।