साहिबाबाद। राजेंद्र नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी के पूर्व मालिक ने फर्जी बैनामा कर फैक्टरी पर कब्जा करने का प्रयास किया। आरोप है कि फैक्टरी में घुसकर तोड़फोड़ और धमकी दी। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाजपत नगर निवासी हरजिंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने 12 वर्ष पहले विजेंद्र तिवारी से दो भूखंड खरीदे थे। इन भूखंडों पर उनकी फैक्टरी चल रही है। हरजिंदर के बैनामें में विनय कुमार गवाह था।
आरोप है कि विजेंद्र ने इन्हीं भूखंडों का फर्जी बैनामा विनय को दोबारा कर दिया है। अब दोनों मिलकर फैक्टरी पर कब्जा करना चाहते हैं। फर्जी बैनामें का मामला अदालत में विचाराधीन है।
हरजिंदर सिंह के अनुसार, 13 अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे विजेंद्र तिवारी, विनय कुमार और मैनपाल कसाना सहित लगभग 10 लोग फैक्टरी पर पहुंचे।
उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की तार काट दी। इसके बाद मुख्य गेट और लोहे की ग्रिल काटकर जबरन अंदर घुस गए। आरोप है कि आरोपियों ने फैक्टरी में तोड़फोड़ की और सामान बाहर फेंक दिया। जब हरजिंदर मौके पर पहुंचे और उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपी धमकी देकर भाग गए। एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।