साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में एक महिला से उसके पुराने पड़ोसी पर सरेराह छेड़छाड़ करने का आरोप है। आरोपी ने महिला के पति को गोली मारने और उनकी दो बेटियों को अगवा करने की धमकी भी दी है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
पीड़िता ने बताया कि 30 सितंबर की शाम करीब छह बजे वह सब्जी लेने गई थीं। इसी दौरान नोएडा सेक्टर 51 के होशियारपुर निवासी फरमान ने उनका रास्ता रोका। आरोप है कि फरमान ने महिला से गाली-गलौज की और अपने पति को छोड़कर उसके साथ चलने को कहा। मना करने पर उसने बच्चियों को अगवा करने और पति को गोली मारने की धमकी दी। आरोपी ने आत्महत्या करने और महिला को झूठे केस में फंसाने की भी धमकी दी। आरोप है कि सरेराह अश्लील हरकत करने और विरोध पर हाथापाई भी की। पीड़िता ने पहले आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी।