ब्रेन ओ ब्रेन संस्था की ओर से आयोजित 29वीं राष्ट्रीय एबाकस प्रतियोगिता में चिरंजीव विहार सेंटर के छात्रों ने 12 चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर ओवरआल चैंपियन का खिताब जीता। विजेता प्रतिभागियों को सेंटर पर सम्मानित किया गया।
सेंटर के हेड आशीष मैत्रेय ने बताया कि एबाकस प्रतियोगिता नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में देशभर से स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में चिरंजीव विहार सेंटर के स्टूडेंट्स ने 32 गोल्ड मेडल और 21 सिल्वर मेडल जीते।
प्रतियोगिता में तीन हजार से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। एबाकस प्रतियोगिता में स्टूडेंट्स को कैलकुलेटर से भी तेज गणना करनी होती है। प्रतियोगिता में चिराग कौशिक, श्रेयसी, अंशिका गोयल, अर्नव प्रताप सिंह, भव्यांश शर्मा, ध्रुव तेवतिया, अभिक, अंबिका शर्मा, ईश्वरी, श्रेया सिंह, दीपशिखा लिट, जूही गुप्ता चैंपियन बनी हैं।
उधर, राजनगर सेंटर के 32 बच्चों ने भी मेडल जीतकर परचम लहराया है। प्रतियोगिता में यूपी, दिल्ली हरियाणा, राजस्थान व उत्तराखंड के करीब चार हजार बच्चों के बीच प्रतियोगिता हुई।
चंद मिनटों में 60 से 70 प्रश्नों का जवाब देकर राजनगर सेंटर के 12 बच्चों ने गोल्ड और 18 बच्चों ने सिल्वर मेडल जीता। प्रतियोगिता में राजनगर सेंटर की भवी भारद्वाज और ध्रुव यादव चैंपियन रहे।