साहिबाबाद। टीलामोड़ थानाक्षेत्र के तुलसी निकेतन स्थित लकड़ी मार्केट के नाले में 22 जून की दोपहर करीब 12 बजे एक युवक का सड़ा-गला शव मिला। स्थानीय दुकानदारों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शव के पास से पुलिस को एक आधार कार्ड भी मिला है, लेकिन वह मृतक का ही है इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस जांच कर रही है।
प्रभारी एसीपी शालीमार गार्डन अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे शव को नाले में देखा गया। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला और मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। शव के पास से शालीमार गार्डन एक्सटेंशन दो स्थित डीएलएफ निवासी सुनील कुमार नाम के व्यक्ति का आधार कार्ड मिला है। हालांकि अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि मरने वाला व्यक्ति वही है, जिसका आधार कार्ड है। आधार कार्ड पर लिखे पते पर पुलिस जब तस्दीक करने पहुंची तब वहां कोई नहीं मिला। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शव करीब तीन-चार दिन पुराना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत का कारण पता चल पाएगा। पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।