इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर पांच की रहने वाले पवन कुमार त्यागी की पत्नी सूक्ष्म त्यागी की तरफ से सेक्टर 16 स्थित एचआईजी डुप्लेक्स निवासी तरुण त्यागी और उनकी पत्नी अर्चना त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। दंपति पर वर्ष 2021 में बैंक में बंधक जमीन बेचने के बहाने 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। रकम वापस मांगने पर पीड़िता और उसके पति को धमकाने की भी बात सामने आई है। 21 जून की रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दर्ज मुकदमे में सूक्ष्म त्यागी ने बताया कि उन्होंने तरुण और अर्चना से उनके भूखंड संख्या 1514/2 का एक चौथाई हिस्सा खरीदने का सौदा 40 लाख रुपये में तय किया था। 19 अगस्त 2021 को उन्होंने प्लॉट की रजिस्ट्री कराई। बताया कि जब दाखिल खारिज करवाने पहुंचे तब पता चला कि जमीन पहले से ही बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नोएडा सेक्टर 27 स्थित शाखा में बंधक है। उन्होंने बैंक अधिकारी से संपर्क किया तब आरोपी दंपति के साथ बैंक अधिकारी ने संयुक्त बैठक की। बताया कि बैठक में आरोपी तरुण ने दूसरी भूमि बंधक रख संबंधित भूमि को मुक्त कराने का वादा किया। पिछले चार वर्षों से झूठे वादे करते रहे।
अब जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी या फिर भूमि बैंक मुक्त कराने को कहा तब आरोपियों ने धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने तहरीर दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की ओर से दिए गए दस्तावेज व अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, आरोपियों को भी बयान दर्ज करवाने के लिए बुलाया गया है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।