फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: बहन के घर झगड़े की सूचना पर गए युवक को जीजा ने कैंची घोंपकर मार डाला

विज्ञापन
विज्ञापन
लोनी। होली में जब पूरा शहर खुशी में सराबोर है, ऐसे मौके पर सोनिया नगर कॉलोनी के एक घर में रिश्तों का खून बह गया। बहन-बहनोई के बीच झगड़े की सूचना पर पहुंचे युवक की उसके जीजा ने कैंची से वार कर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के बाद पुलिस को सूचना नहीं दी गई।
विज्ञापन


परिवार के लोग चुपचाप शव का अंतिम संस्कार करने निकल पड़े। मोहल्ले के लोगों की सजगता से मामला खुल गया। पुलिस ने बीच रास्ते में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद आरोपी और उसका भाई फरार हो गए। पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।

एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय के अनुसार, बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित सोनिया नगर निवासी विजयपाल चौहान ने तीन वर्ष पहले बेटी टीना की शादी कॉलोनी में ही रहने वाले राहुल से की थी। दंपती का डेढ़ साल का बेटा भी है। इन दिनों विजयपाल इकलौते बेटे विशाल (27) की शादी की तैयारी कर रहे थे।
विज्ञापन


एसीपी ने बताया कि टीना का सास लक्ष्मी से घर के काम को लेकर आए दिन विवाद होता था। सोमवार शाम भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इस पर राहुल ने टीना के साथ मारपीट कर दी। टीना ने यह बात भाई विशाल को बताई। वह गुस्से में दो दोस्तों के साथ बहन के घर पहुंच गया।

वहां विशाल की राहुल व उसके भाई राजन से कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। इस पर राहुल कैंची निकाल लाया और विशाल पर चार-पांच वार कर दिए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसकी सूचना मिलते ही विजयपाल मौके पर पहुंचे और विशाल को टीना व राजन के साथ ऑटो से निजी अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर उसको दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान विशाल ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए विशाल का शव लेकर घर पहुंचे और फिर श्मशान घाट रवाना हो गए।

-

पुलिस ने ऐसे कब्जे में लिया शव

एसीपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन शव नहीं मिला। स्थानीय लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि विजयपाल बेटे का शव लेकर घर गए हैं। वहां भी शव नहीं मिला। ऐसे में आसपास के सभी श्मशान घाटों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसी बीच सूचना मिली कि शव को ऑटो से श्मशान घाट ले जाया जा रहा है। सभी जगह वाहन चेकिंग शुरू की गई तो परिजन घर से कुछ दूरी पर शव को मिनी ट्रक में लादकर ले जाते हुए मिल गए। पुलिस ने रोका तो परिजनों ने कार्रवाई से मना कर दिया। जबरन शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

-

बेटी का घर नहीं उजाड़ना चाहता

पिता विजयपाल ने पुलिस से गुहार लगाई कि उनका इकलौता बेटा चला गया, अब कार्रवाई कर बेटी का घर उजाड़ना नहीं चाहते। उन्होंने अंतिम संस्कार की अनुमति देने की अपील की। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि विशाल पर पूर्व में मारपीट का एक मामला दर्ज था। दो बार शांतिभंग में भी कार्रवाई हो चुकी थी। आरोपी राहुल पेशे से पेंटर है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें