इंदिरापुरम। शक्तिखंड चार की रहने वाली करिश्मा जैन को साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। रकम वापस करने की बात पर ठगों ने पीड़िता को खाता संख्या गलत बताया। ठगी एक अप्रैल 2025 को हुई। ऑनलाइन की गई शिकायत थाने तक पहुंचने में तीन महीने लग गए। 19 जुलाई को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मुकदमे में पीड़िता ने बताया कि एक अप्रैल को उनके पास अन्जान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने ऑनलाइन ट्रेडिंग कर मुनाफे कमाने का झांसा दिया। इसके बाद उन्होंने 40 हजार रुपये का निवेश कर दिया। कुछ देर बाद उन्होंने जब ठगों से रकम वापस करने को कहा तब आरोपियों ने उनके बैंक खाते को गलत बता दिया। इसके साथ ही 60 हजार रुपये और भेजने पर पूरी रकम एक साथ वापस करने की बात कही। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि जिस बैंक खाते में रकम पीड़िता ने भेजी थी वह दूसरे राज्य का है। खाता धारक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ब्यूरो