साहिबाबाद । थाना क्षेत्र में मोहन नगर के पास विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्राॅली ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। आरोप है कि आरोपी चालक ने भागने के प्रयास में बाइक सवार पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया लेकिन युवक बाल-बाल बच गया। बाइक सवार ने लोगों के सहयोग से चालक को पकड़ लिया लेकिन वह छूट कर भागने में सफल रहा। पीड़ित के बहनोई ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नंदग्राम निवासी मयंक ग्रोवर ने पुलिस में शिकायत दी है कि 18 नवंबर की सुबह घुकना निवासी उनका साला शिवम चौधरी साहिबाबाद स्थित अपने क्लीनिक जा रहा था। वह जब मोहन नगर स्थित एमएमएक्स मॉल के पास पहुंचा तो विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने शिवम की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उनका साला नीचे गिर गया। इसके बावजूद ट्रैक्टर चालक ने बचाने की बजाय दोबारा अपना ट्रैक्टर शिवम पर चढ़ाने का प्रयास किया लेकिन शिवम ने अपनी सूझ बूझ से जान बचाई। इसके बाद जैसे ही आरोपित चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा तो शिवम ने अन्य लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया और अपने साथियों को बुलाया लिया। इस दौरान ट्रैक्टर चालक किसी तरह मौके से फरार हो गया। मामले में साहिबाबाद की एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लिया गया है। आरोपित चालक की तलाश की जा रही है।