गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित स्टार रामेश्वरम सोसायटी में शुक्रवार को लावारिस कुत्ते ने एक सफाईकर्मी को काट लिया। इससे निवासियों में भय का माहौल है। एओए ने नगर निगम और पशु चिकित्सा अधिकारी को कुत्ते को पकड़कर ले जाने की अपील की है।
एओए उपाध्यक्ष ललित कुमार का कहना है कि शुक्रवार को नंदगांव निवासी सफाईकर्मी लक्की के पैर में कुत्ते ने काट लिया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया और रेबीज का इंजेक्शन लगवाया गया। इससे पहले 24 अक्तूबर को बी-ब्लॉक निवासी पूजा शर्मा नाम की महिला को लावारिस कुत्ते ने काट लिया था। कुत्ते के लिए बेसमेंट में अलग फीडिंग पॉइंट बनाने पर उनका कुत्ता प्रेमी मौनी शर्मा से झगड़ा भी हुआ। इस मामले में एफआईआर भी नंदग्राम थाने में हुई, लेकिन काटने वाले कुत्तों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखा लेकिन काटने वाले कुत्तों का बधियाकरण करके फिर यही छोड़ दिया गया, जो आए दिन किसी न किसी को काट रहे हैं। 15 से अधिक गाड़ियों और बाइकों की सीटें फाड़ चुके हैं। जिससे आए दिन सोसायटी में विवाद हो रहे हैं। उन्होंने खूंखार कुत्तों को पकड़कर ले जाने के लिए एक बार फिर से पत्र लिखा है और इस पर जल्द कार्रवाई की अपील की है।