लोनी। कोतवाली क्षेत्र की रूप नगर कॉलोनी स्थित शिवा इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पूर्व कर्मी विपिन की मौत के मामले में पुलिस ने छह माह बाद 25 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की है। हादसा एक अक्तूबर 2025 को हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित परिजन ने अदालत की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर दुकान मालिक दिनेश व अमित को नामजद किया है।
बागपत के कनवाडा गांव निवासी सुमन वीर ने अदालत को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके भाई विपिन शिवा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर नौकरी करते थे। एक अक्तूबर 2025 की दोपहर को दुकान के मालिक दिनेश व अमित ने विपिन को मोटर की मरम्मत करने को कहा था। आरोप है कि मोटर में करंट आ रहा था और इसकी जानकारी आरोपियों ने उनके भाई को नहीं दी। इससे काम करने के लिए बिजली के बोर्ड में तार लगाते ही मोटर में उतरे करंट की चपेट में उनका भाई आ गया। दुकान मालिक जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां डॉक्टरों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि कोर्ट के आदेश से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को नोटिस भेजे जा रहा है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।