गाजियाबाद। लोहामंडी में सड़क पर ट्रकों की अवैध पार्किंग से जल्द निजात मिलेगी। यूपीसीडा ने रेलवे लाइन के किनारे एक किलोमीटर लंबी पार्किंग बनाने की मंजूरी दे दी है। इस पर 2.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
उद्योग बंधु की बैठकों में उद्यमियों ने कई बार सड़क पर ट्रकों के खड़े होने से जाम और हादसे की आशंका का मुद्दा उठाया था। इस पर संज्ञान लेते हुए यूपीसीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बलकार सिंह ने पार्किंग निर्माण को हरी झंडी दी है।
यूपीसीडा के डीजीएम सलिल यादव ने बताया कि विवेकानंद नगर आरओबी से भाटिया मोड़ आरओबी के बीच 8 मीटर चौड़ी पार्किंग बनेगी। यहां 100 से ज्यादा ट्रक एक साथ खड़े हो सकेंगे। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। 14 अक्तूबर को टेंडर खुलेगा और नवंबर से निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
लोहामंडी विक्रेता मंडल के अध्यक्ष डॉ. अतुल गर्ग ने कहा कि लंबे समय से सड़क पर ट्रकों की पार्किंग से जाम लगता है। नई पार्किंग बनने से उद्यमियों के साथ-साथ आम लोगों को भी राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।