मोदीनगर। भोजपुर के एक गांव निवासी प्रेम विवाह करने वाली युवती ने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए ऑनर किलिंग की आशंका जताई है। युवती ने पुलिस आयुक्त और उपायुक्त को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है।
भोजपुर के एक गांव निवासी व्यक्ति की पुत्री की शादी बीती 4 जुलाई को होनी थी। युवती शादी से छह दिन पूर्व लापता गई। व्यक्ति ने मोदीनगर निवासी एक युवक पर 19 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसला कर अगवा करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी।
युवती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर प्रेम विवाह करने की जानकारी दी। युवती ने आरोप लगाया कि पिता उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन उसकी शादी कर रहे थे। उस पर शादी का दबाव बनाने के लिए शादी के कार्ड भी बंटवा दिए गए। युवती ने बताया कि बीती एक जुलाई को उसने अपने प्रेमी से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली है। प्रेम विवाह से परिजन गुस्से में हैं। आरोप है कि परिजन उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। युवती ने ऑनर किलिंग की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकश राय ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी लगी है।