गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब पौने 6 बजे अहसान होटल के पास एनएच नौ स्थित पुरानी वेस्ट पिन्नी के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया, आग की चपेट में आने वाली पन्नी को हटाकर आग को फैलने से बचाया, बाद में दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आधे घन्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गोदाम में पुरानी वेस्ट पन्नी रखी होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका थी। पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से आग बुझाने की कार्रवाई की गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पन्नी गोदाम के मालिक रविन्द्र ने बताया कि उसने यह गोदाम कुछ समय पूर्व खाली कर दिया था मगर कुछ पन्नी उठानी बाकी रह गई थी, उसी में आग लग गई है, आग लगने का स्पष्ट कारण पता नहीं है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को अहसान होटल के पास पन्नी गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी, पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दे दी थी, मगर फायर ब्रिगेड के आने से पूर्व पुलिस के जवानों ने आग से पन्नी को हटाकर आग फैलने से बचाया। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आधे घन्टे में आग पर काबू पा लिया, कोई जनहानि की सूचना नहीं है।