साहिबाबाद। थानाक्षेत्र स्थित राजबाग मेट्रो स्टेशन के पास संचालित रेडीमेड कपड़ों की फैक्टरी विसेंड ट्रेड मार्ट में 13 अप्रैल की शाम करीब 3ः22 बजे आग लग गई। फर्नीचर और कपड़ों की वजह से दमकल के पहुंचने तक आग विकराल हो गई। फैक्टरी के करीब 50 कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालते हुए दमकल ने काम शुरू किया। चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकल की शुरुआती जांच में हादसा शॉर्ट-सर्किट से होने की बात सामने आई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सोमवार शाम हादसे की सूचना मिलते ही साहिबाबाद, वैशाली और गाजियाबाद के फायर स्टेशन से तीन वाटर टेंडर और दो वाटर वाउजर भेजे गए थे। फैक्टरी के कपड़ा बनाने वाले हिस्से में आग फैली थी। उस हिस्से में अधिक मात्रा में कपड़े और फर्नीचर रखा हुआ था। इसकी वजह से आग बढ़ती चली गई और फैक्टरी कर्मचारी आग नहीं बुझा पाए। दमकल की टीम ने श्रमिकों को बाहर निकालकर आग बुझाना शुरू किया, लेकिन एयरफोर्स स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियां मंगाई। इसके बाद देर शाम 7ः30 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। सीएफओ ने बताया कि हादसे में लाखों के आर्थिक नुकसान की आशंका है। वहीं जांच में शॉर्ट-सर्किट की बात सामने आई है।
-