मोदीनगर। भोजपुर के गांव हृदयपुर भंडौला में ट्यूबवेल पर शराब पीने का विरोध करने पर आरोपियों ने किसान पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने किसान को डंडे से बुरी तरह पीटा और शराब की बोतल तोड़कर उनकी गर्दन में घोंप दी। गंभीर रूप से घायल किसान को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव हृदयपुर भंडौला निवासी विशेष त्यागी के अनुसार उनके चाचा मुकेश त्यागी किसान हैं। मुकेश त्यागी शनिवार शाम खेत में घुसे आवारा पशुओं को भगाने गए थे। आरोप है कि तभी वहां पड़ोसी किसान के ट्यूबवेल पर गांव निवासी चार युवक शराब पीकर उत्पात मचा रहे थे। मुकेश त्यागी ने विरोध किया तो आरोपी आग बबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए उन्हें डंडे से पीट दिया।
गुस्साए एक आरोपी कपिल ने शराब की बोतल तोड़कर किसान मुकेश त्यागी की गर्दन में घोंप दी। मुकेश त्यागी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। उनके अचेत होने पर आरोपी वहां से भाग गए। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि तहरीर के अनुसार कपिल, जविन्द्र, जयविन्द्र उर्फ कल्लन और जितेन्द्र निवासी हृदयपुर भंडौला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।