मोदीनगर। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव ईसापुर में बृहस्पतिवार रात दिल्ली पुलिस के सिपाही मोहित शर्मा (28) ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। पुलिस के अनुसार, अभी घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस को घटना की जानकारी हुई।
पुलिस के अनुसार, गांव ईसापुर निवासी मोहित शर्मा दिल्ली पुलिस में सिपाही थे। बृहस्पतिवार को वह अपने घर आए हुए थे। शाम को परिजनों से बातचीत करने के बाद वह कमरे में चले गए। रात करीब 10 बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजनों ने अंदर जाकर देखा। कमरे में मोहित शर्मा फंदे से लटके मिले। परिजन उन्हें फंदे से उतारकर मोदीनगर के जीवन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि जांच के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।