कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव काहिरा निवासी सोहनपाल और राजकुमार बाइक पर सवार होकर सोमवार शाम को सिकंदराबाद से बुलंदशहर की तरफ जा रहे थे। दरियापुर के पास अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे पर सिकंदराबाद की तरफ से ही अलीगढ़ जा रहा ट्रक बाइक के ऊपर चढ़ गया। ट्रक बाइक को रौंदते हुए 50 मीटर से अधिक घिसटाते हुए ले गया, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और उसमें आग लग गई।
दुर्घटना में सोहनपाल आग से बुरी तरह झुलस गए और राजकुमार भी घायल हो गया। कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि सोहनपाल की हालत नाजुक है। वह घायल भी है और आग से बुरी तरह झुलसा है। इसलिए उनको सफदरगंज दिल्ली रेफर कर दिया है और दूसरे घायल राजकुमार को हायर सेंटर रेफर किया गया है। कोतवाली प्रभारी देहात पीसी शर्मा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया है।