गाजियाबाद। निकाय मतदाता पुनरीक्षण सूची का काम लगभग पूरा हो चुका है। तीन क्षेत्रों की मतदाता सूची में गड़बड़ी की आशंका के कारण क्रास चेकिंग के आदेश दिए गए हैं। ऐसे में अब 30 जून के बाद ही प्रशासन फाइनल मतदाता सूची जारी करेगा।
फिलहाल अब तक की रिपोर्ट के आधार पर वर्ष 2012 के मुकाबले इस बार निकाय चुनाव में 97427 अतिरिक्त मतदाता मतदान महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे। मतदाता पुनरीक्षण के बाद निकाय में कुल मतदाताओं की संख्या 208816 है। यानी इस बार 20 लाख से ज्यादा मतदाताओं को अपना मेयर चुनने का मौका मिलेगा।
निकाय सहायक निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाता की संख्या 114141 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 947022 है। विशाल सिंह ने बताया कि 30 जून तक फाइनल सूची आ जाएगी, मोदीनगर, मुरादनगर और निवाड़ी मतदाता सूची में कुछ बदलाव आ सकते हैं। 30 जून तक एसडीएम को इन इलाकों की मतदाता सूची का क्रास चेकिंग करने के आदेश दिए गए हैं।
कहां कितने हैं मतदाता
निकाय पुरुष महिला कुल
गाजियाबाद 714329 592376 1306705
मोदीनगर 59272 53257 112529
मुरादनगर 42617 38363 80980
लोनी 216116 173821 190047
खोड़ा 80577 64193 144770
निवाड़ी 4023 3603 7630
पतला 4073 3428 7501
फरीदनगर 4907 4421 9328
डासना 15117 13556 28673
मोदीनगर, मुरादनगर और निवाड़ी मतदाता सूची में झोल
निकाय सहायक निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि मोदीनगर, मुरादनगर और निवाड़ी की मतदाता सूची में फर्जी नाम होने की आशंका है। ऐसे में यहां के एसडीएम को मतदाता सूची की क्रास चेकिंग करने के आदेश दिए हैं।
विशाल सिंह ने बताया कि तीनों ही जगह पर मानक से अधिक मतदाता संख्या सामने आ रही है। दरअसल मानक के मुताबिक किसी भी क्षेत्र के मतदाता की संख्या वहां के कुल संख्या के करीब 65 प्रतिशत होती है। मोदीनगर, मुरादनगर और निवाड़ी में यह संख्या 73 प्रतिशत से भी अधिक है, ऐसे में 30 जून तक एसडीएम को सूची की क्रास चेकिंग कर रिपोर्ट मंगवाई गई है।