गाजियाबाद। ताबड़तोड़ हो रही लूट की वारदातों से घबराए लोगों को सुरक्षा देने के लिए अब शहर में ‘एक्टिव पुलिसिंग’ अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इसके तहत अब जिले के उद्यमियों, पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य संस्थानों के कैश ट्रांसफर के दौरान गाजियाबाद पुलिस एक व्हॉट्स एप मैसेज पर सुरक्षा उपलब्ध करवाएगी।
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सिहानी गेट थाने में इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। अब तक करीब 24 उद्यमी इस सुविधा से जुड़कर लाभ ले चुके हैं। बता दें कि पिछले एक माह में ही गाजियाबाद में कलेक्शन एजेंट, गैस एजेंसी संचालक और उद्यमियों से दिनदहाड़े एक दर्जन से अधिक लूट की वारदातें हो चुकी हैं।
कैश को बैंक में जमा करने ले जाते समय बदमाश रेकी कर लूट को अंजाम देते हैं। एसएसपी ने ‘एक्टिव पुलिसिंग’ अभियान के तहत अब मोटा कैश लेकर जाने वाले लोगों को सुरक्षा देने की कवायद की है। एसएसपी हरिनारायण सिंह ने बताया कि कैश लूट को रोकने के लिए नई प्लानिंग की गई है।
सभी उद्यमी, गैस एजेंसी संचालक, पेट्रोल पंप संचालक और अन्य संस्थानों से इसके साथ जुड़ने की अपील की जा रही है। सिहानी गेट के बाद जल्द ही सभी थानों के उद्यमियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
व्हॉट्स एप के जरिए ऐसे मिलेगी सुविधा
सिहानी गेट एसओ विनोद पांडेय ने बताया कि थाना क्षेत्र के सभी उद्यमी, पेट्रोल पंप संचालक और गैस एजेंसी संचालकों को व्हॉट्स एप ग्रुप के जरिए पुलिस के साथ जोड़ा जा रहा है। किसी भी कैश ट्रांसफर की जानकारी उद्यमी के ग्रुप पर डालते ही उस इलाके में तैनात पीसीआर-लैपर्ड पर मौजूद पुलिसकर्मी उद्यमी से संपर्क करेंगे और सुरक्षित कैश का ट्रांसफर करवाएंगे। कैश पांच लाख से अधिक है तो पीसीआर और एक से पांच लाख के बीच है तो लैपर्ड भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
पूरे जिले के संस्थानों की बनाई जा रही लिस्ट
रोजाना भारी कैश में डील करने वाले संस्थानों की लिस्ट भी एसएसपी तैयार करवा रहे हैं, जिन्हें संबंधित थाने के ग्रुप से जोड़ा जाएगा। अभी तक 70 संस्थानों की लिस्ट तैयार की जा रही है। मोबाइल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर और अन्य लोग भी संबंधित थाने में संपर्क कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।